"स्मार्ट घरों के 'डिजिटल पहरेदार': रक्षक या भक्षक?"
‘तकनीक का 'शॉर्ट-सर्किट’: सुविधा की चमक में झुलसती सुरक्षा
(प्रवीण कक्कड़)
आधुनिकता की अंधी दौड़ में हम अपने घरों को 'स्मार्ट' बनाने की चाहत में सुरक्षा के उस बुनियादी सिद्धांत को भूलते जा रहे हैं, जो जीवन और मृत्यु के बीच की लकीर होता है। जिस तकनीक को हमने अपनी दहलीज की रखवाली के लिए चुना था, क्या वही आज हमारी सांसों की दुश्मन बन बैठी है? हाल ही में इंदौर में हुई वह हृदयविदारक घटना, जिसमें एक परिवार अपने ही घर के 'स्मार्ट सेंसर लॉक' की वजह से काल के गाल में समा गया, हमारे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। आग की लपटें बाहर थीं और तकनीक की बेड़ियाँ अंदर। इससे पहले एक कारोबारी के आलीशान पेंटहाउस में भी यही मंजर दिखा था जहाँ दरवाज़ा तकनीक के भरोसे बंद था, लेकिन संकट के समय वही तकनीक उसकी मौत का कारण बन गई। यह केवल दो घटनाएं नहीं हैं, बल्कि उस खतरनाक ट्रेंड का संकेत हैं जहाँ हम सुरक्षा के नाम पर 'सुविधा' को घर ला रहे हैं, विवेक को नहीं।
सेंसर आधारित लॉक चाहे वे फिंगरप्रिंट, फेस रिकग्निशन या पासवर्ड पर आधारित हों पूरी तरह बिजली, बैटरी और सॉफ्टवेयर पर निर्भर होते हैं। तकनीकी रूप से देखें तो आग लगने पर अत्यधिक तापमान, धुंआ और शॉर्ट-सर्किट इन इलेक्ट्रॉनिक सर्किट्स को निष्क्रिय कर सकते हैं। ऐसे में जो दरवाज़ा सुरक्षा का प्रतीक था, वही निकास का सबसे बड़ा अवरोध बन जाता है।
यह समस्या वैश्विक है
अमेरिका और चीन में स्मार्ट लॉक फेल होने के मामलों के बाद वहां 'मैकेनिकल ओवरराइड' को अनिवार्य सुरक्षा फीचर बनाया गया है। दक्षिण कोरिया जैसे देशों ने तो 'फेल-सेफ' सिस्टम को अपने बिल्डिंग कोड में ही शामिल कर लिया है। भारत में भी यह खतरा वास्तविक है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के अनुसार, देश में हर वर्ष हज़ारों आग की घटनाएं दर्ज होती हैं, जिनमें मौत का बड़ा कारण 'घर के अंदर फंसे रहना' होता है। यह आंकड़ा हमें आगाह करता है कि एग्जिट की विफलता अक्सर आग से भी बड़ा खतरा साबित होती है।
'स्मार्ट' होने का अर्थ डिजिटल होना नहीं
हकीकत यह है कि हर तकनीक हर घर के लिए उपयुक्त नहीं होती। तकनीकी रूप से सक्षम छोटे परिवारों या नियंत्रित कमर्शियल स्पेस के लिए ये लॉक भले ही सुविधाजनक हों, लेकिन बुजुर्गों, बच्चों या घरेलू सहायकों वाले घरों में, जहाँ एक ही निकास द्वार हो, वहां पूरी तरह डिजिटल लॉक पर निर्भरता आत्मघाती हो सकती है। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, 'स्मार्ट' होने का अर्थ केवल डिजिटल होना नहीं, बल्कि सुरक्षित होना है। इसके लिए 'ड्यूल लॉक सिस्टम' अपनाना अनिवार्य है, जिसमें सेंसर के साथ एक चाबी का विकल्प हमेशा मौजूद रहे।
ईवी डराने वाली सुरक्षा चुनौतियां
जैसे घरों में स्मार्ट लॉक का जाल बिछा है, वैसे ही सड़कों पर इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की रफ्तार बढ़ी है। नीति आयोग की रिपोर्ट्स ईवी को भविष्य की जरूरत बताती हैं, लेकिन इनके साथ जुड़ी सुरक्षा चुनौतियां डराने वाली हैं। ईवी में आग लगने का मुख्य वैज्ञानिक कारण 'थर्मल रनअवे' है, जिसमें बैटरी के सेल्स अनियंत्रित रूप से गर्म होकर फटने लगते हैं। यह अक्सर ओवरचार्जिंग, गलत चार्जर का उपयोग या बैटरी के डैमेज होने से होता है। साल 2022 में भारत में हुए कई ईवी स्कूटर हादसों के बाद सरकार को जांच के आदेश देने पड़े और हज़ारों गाड़ियां रिकॉल की गईं। जर्मनी और जापान जैसे देशों में ईवी बैटरियों के लिए 'मल्टी-लेयर टेस्टिंग' अनिवार्य है, जबकि हमारे यहाँ अभी यह जागरूकता शुरुआती दौर में है।
मॉडर्न फर्नीचर—सजावट या 'फ्यूल'?
आजकल के 'स्मार्ट और मॉडर्न' फर्नीचर केवल लकड़ी के नहीं, बल्कि सिंथेटिक मैटेरियल, रेजिन और ग्लू से बने होते हैं, जो आग लगने पर पेट्रोल की तरह काम करते हैं और बेहद जहरीला काला धुआं छोड़ते हैं।
इलेक्ट्रिक बेड और सेंसर सोफे: रिमोट से चलने वाले बेड और सेंसर वाली रिक्लाइनर कुर्सियों में बिजली की वायरिंग छिपी होती है। यदि इनमें शॉर्ट-सर्किट हो जाए, तो फर्नीचर के भीतर लगी फोम चंद सेकंड में धधक उठती है। हमेशा 'फायर रिटार्डेंट' (Fire Retardant) फैब्रिक वाले फर्नीचर चुनें और सेंसर वाले फर्नीचर के पास फायर एक्सटिंग्विशर जरूर रखें।
बाजार का डरावना सच
बाजार का दूसरा सच और भी डरावना है। बढ़ती मांग के कारण बिना किसी मानक प्रमाणन (जैसे BIS) वाले सेंसर लॉक और सस्ते ईवी कंपोनेंट्स धड़ल्ले से बिक रहे हैं। कुछ सौ या हज़ार रुपये बचाने की चाहत कई बार जीवन की कीमत पर पूरी होती है। हमें किसी तकनीक का विरोध नहीं करना है, बल्कि उसे विवेक के साथ अपनाना है। यदि आप इन तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं, तो नियमित सुरक्षा ऑडिट, ओरिजिनल एक्सेसरीज का इस्तेमाल और परिवार के हर सदस्य को 'इमरजेंसी रिस्पॉन्स' की ट्रेनिंग देना ही बचाव का एकमात्र रास्ता है।
जीवन रक्षक 'आपातकालीन निकास
अक्सर मौत का कारण आग नहीं, बल्कि 'निकास का न होना' होता है। सुरक्षा विशेषज्ञों का सुझाव है कि हर घर में कम से कम एक खिड़की ऐसी होनी चाहिए जो संकट के समय 'फ्री-वे' का काम करे।
अंदर से खुलने वाली ग्रिल : सुरक्षा के लिए खिड़कियों में फिक्स्ड ग्रिल के बजाय ऐसी ग्रिल लगवाएं जिसमें अंदर की तरफ एक लीवर या मैन्युअल लॉक हो।
इमरजेंसी हैमर : जिस तरह बसों और ट्रेनों में कांच तोड़ने के लिए एक छोटा हथौड़ा लगा होता है, वैसा ही एक हथौड़ा अपनी मुख्य खिड़की के पास स्टैंड में लगाकर रखें। आग के समय धुआं इतना घना होता है कि चाबी ढूंढना असंभव होता है; ऐसे में कांच तोड़कर बाहर निकलना ही एकमात्र रास्ता बचता है।
निकास पथ की शुचिता: जिस खिड़की या दरवाजे को आपने 'इमरजेंसी एग्जिट' चुना है, उसके सामने कभी भी भारी फर्नीचर, सोफा या अलमारी न रखें। यह रास्ता हमेशा खाली और बाधा रहित होना चाहिए।
लोकेशन और ट्रेनिंग: यह निकास ऐसी जगह हो जहाँ से बाहर की तरफ खुली जगह हो। परिवार के हर सदस्य, यहाँ तक कि बच्चों को भी, इस ग्रिल को खोलने अभ्यास जरूर कराएं।
आधुनिकता की असली पहचान यह नहीं है कि हमारे घर कितने 'स्मार्ट' हैं, बल्कि यह है कि हम कितने सजग और सुरक्षित हैं। जब तकनीक संकट के समय साथ छोड़ दे, तो वह सुविधा नहीं, एक जानलेवा भ्रम है। हमें विज्ञान के साथ चलना है, लेकिन अपनी सुरक्षा की चाबी पूरी तरह किसी बेजान सर्किट के भरोसे नहीं छोड़नी चाहिए। अंततः घर वही सुरक्षित है, जहाँ से आप सुबह विश्वास के साथ निकलें और शाम को अपनों के बीच निश्चिंत होकर लौट सकें। क्योंकि जब तकनीक जीवन बचाए, तभी वह असली प्रगति है।


जीवन सुरक्षित हो, अतिमहत्वपूर्ण है, इसके लिए नित्य नए प्रयास चल रहे हैं।
जवाब देंहटाएंआधुनिकता की होड़ में, सुरक्षा की अनदेखी बिल्कुल भी नहीं होनी चाहिए, इसके लिए समाज में, चेतना की आवश्यकता है,जिस परिवार के लिए आप दिन रात्रि,एक कर उन्हें सुविधा तो दे रहे हैं,पर अनजाने में ही, असुरक्षित कर रहे हैं,इस मानसिकता से सबको बाहर आना चाहिए।
मैं तो हतप्रभ हूं आपकी बृहद सोच पर,आप कितना अच्छा प्रकाश हर पहलू पर डाल कर सचेत करते हैं, पर इसका व्यापक तरीका भी सोचिए,हम आपके सुझाव को,सब लोगों तक पहुंचा सके, ताकि इस जागरूकता से कुछ दुर्घटनाएं कम हो सके। आपका व्यक्तित्व मिलनसार तो है,पर इतना संवेदनशील भी है, जुड़ने से पता चला, ईश्वर आपको समाज के मार्गदर्शन की उच्च क्षमता दे, यही ईश्वर से कामना है।
समाजिक हित में,आपका अमूल्य योगदान और समय देना,आपकी प्रतिष्ठा में,एक सम्मान है।
सादर, प्रणाम।
सर जी, आपका विश्लेषण बहुत ही व्यापक और अर्थपूर्ण है, आधुनिक संसाधन वरदान है और जीवन को आरामदायक भी है परन्तु इसके दुष्परिणाम भी घातक और भयावह है
जवाब देंहटाएंA great concern is taken up here and the society needs to pay proper heed to this. No matter how much modernity has entered the society, the basics are still human. Safety is a prime question and this cannot be put to the dead machinery, however intelligent it may be. Old is gold. Congratulations sir for the present write-up 👍
जवाब देंहटाएंVery informative and useful article. Sir, the research and analysis done by you is commendable. Rightly said that while adopting Digital gazettes one should not ignore the safety aspects
जवाब देंहटाएं