पहले मुफ्त की लत, अब नियमों का जाल

चर्चा, चार्ज और चुनौती : क्या देश में UPI क्रांति का 'हनीमून पीरियड' खत्म हो चुका है?

 प्रवीण कक्कड़

सुबह आँख खुलते ही दूध का पैकेट लिया QR कोड स्कैन किया। नुक्कड़ पर चाय पी QR स्कैन किया। दोपहर में सब्जी खरीदी, गाड़ी में पेट्रोल भरवाया, रेस्तरां में खाना खाया या रात को ऑनलाइन शॉपिंग की, बस जेब से मोबाइल निकाला, पलक झपकते ही 'बीप' की आवाज आई और भुगतान हो गया।हालत यह है कि दिन के अंत में जब आप वॉलेट खोलते हैं, तो गांधी जी की तस्वीरों वाले नोट जस के तस मुस्कुराते मिलते हैं, जबकि आपकी जेब से हजारों रुपये का डिजिटल लेन-देन हो चुका होता है। जिस यूपीआई ने हमारी उंगलियों को बिना सोचे-समझे खर्च करने की ऐसी जादुई आदत लगा दी... आज वही यूपीआई अचानक नियमों, चार्जेस और बहसों के एक अजीब चक्रव्यूह में उलझ गया है। आखिर मुफ्त क्रांति के दावों के बीच अचानक यह 'चर्चा, चार्ज और चुनौती' का दौर क्यों शुरू हुआ? आइए समझते हैं इस पूरे खेल के पीछे का सच।

भारत की जेब कब मोबाइल में समा गई, हमें पता ही नहीं चला लेकिन अब इसी UPI को लेकर देश में नई बहस छिड़ी है। केंद्र सरकार ने 15 सितंबर को नया Merchant Discount Rate यानी MDR framework घोषित किया है, जो 15 अक्टूबर से लागू होगा। इसके तहत सामान्य मर्चेंट को किए जाने वाले ₹2,000 से अधिक के चुनिंदा UPI भुगतान पर 0.4 प्रतिशत MDR लगेगा। ₹75,000 या उससे अधिक के भुगतान में इसकी अधिकतम सीमा ₹300 होगी। रेलवे, टेलीकॉम, बीमा, ईंधन और कृषि सामग्री जैसे कम मार्जिन वाले आवश्यक क्षेत्रों में ₹2,000 से ऊपर 0.4 प्रतिशत के बजाय केवल ₹5 प्रति ट्रांजेक्शन MDR होगा। 

 आपकी जेब पर क्या असर पड़ेगा

सबसे पहले भ्रम दूर करना जरूरी है। एमडीआर ग्राहक पर लगाया गया यूपीआई नहीं है। आप किसी दोस्त, रिश्तेदार या परिचित को ₹500 भेजें या ₹50,000 पर्सन टू पर्सन UPI ट्रांसफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा। किसी दुकान पर ₹2,000 तक का UPI भुगतान भी MDR से मुक्त है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि UPI एप्प्स ग्राहक से कोई platform fee या हिडन चार्ज नहीं ले सकते और बैंकों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि व्यापारी MDR का बोझ ग्राहक पर न डालें। 

छोटे दुकानदार के लिए भी एक महत्वपूर्ण सुरक्षा है। रेहड़ी-पटरी वाले, मोहल्ले की छोटी दुकान जैसे मर्चेंट यदि UPI QR से महीने में ₹1 लाख तक प्राप्त करते हैं, तो उन पर zero-MDR जारी रहेगा। यानी यह समझना गलत होगा कि हर चाय वाले, सब्जी वाले या छोटे दुकानदार से अब प्रत्येक बड़े QR पेमेंट पर 0.4 प्रतिशत काट लिया जाएगा लेकिन ₹1 लाख मासिक सीमा से बाहर आने वाले सामान्य मर्चेंट के एलिजिबल ₹2,000 से ऊपर के भुगतान पर लागत आएगी। उदाहरण के लिए ₹10,000 के एलिजिबल यूपीआई पेमेंट पर 0.4 प्रतिशत यानी ₹40 MDR होगा। यही वह बिंदु है जिस पर व्यापार जगत सवाल उठा रहा है। 

 21 बैंकों से शुरू हुई एक क्रांति

UPI यानी Unified Payments Interface को NPCI ने विकसित किया। अप्रैल 2016 में इसकी शुरुआत 21 सदस्य बैंकों के साथ हुई और उसी वर्ष अगस्त से बैंकों के UPI एप्प्स ग्राहकों तक पहुँचने लगे। विचार बेहद सरल लेकिन क्रांतिकारी था अलग-अलग बैंकों के बीच पैसे भेजने के लिए लंबी प्रक्रिया के बजाय मोबाइल से तत्काल बैंक टू बैंक ट्रांसफर।

 दस वर्ष में बदला आर्थिक व्यवहार

अगस्त 2026 के NPCI आँकड़े इसकी विशालता बताते हैं। एक महीने में UPI पर 2,450.9 करोड़ ट्रांजेक्शयंस हुए, जिनकी कुल राशि करीब ₹29.82 लाख करोड़ थी। उस समय 752 बैंक UPI से जुड़े थे। 

यानी UPI अब केवल पेमेंट ऑप्शन नहीं है। यह करोड़ों भारतीयों की रोजमर्रा की आदत है और शायद डिजिटल इंडिया की सबसे दिखाई देने वाली सफलता भी।

फिर MDR की जरूरत क्यों पड़ी?

करीब छह वर्षों से UPI मर्चेंट पेमेंट्स का जीरो MDR मॉडल चल रहा था। लेकिन इतने विशाल नेटवर्क को चलाने के लिए बैंकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर , सर्वर्स , फ़्रॉड प्रिवेशन , साइबर सिक्योरिटी और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स पर लगातार खर्च होता है। सरकार का तर्क है कि पेमेंट इकोसिस्टम को लंबे समय तक टिकाऊ बनाने के लिए बड़े मर्चेंट ट्रांजेक्शयंस से सीमित रेवेन्यु जरूरी है। 

तर्क अपनी जगह है, लेकिन व्यापारी की चिंता भी वास्तविक है। सवाल सिर्फ 0.4 प्रतिशत का नहीं, बल्कि हजारों ट्रांजेक्शयंस को जोड़कर बनने वाली लागत का है। खासकर ऐसे व्यवसायों में जहाँ बिक्री बड़ी लेकिन प्रॉफिट मार्जिन छोटा होता है।

 इंदौर से उठी विरोध की आवाज

देश की सबसे मजबूत व्यापारिक पहचान वाले शहरों में शामिल इंदौर में इसी मुद्दे पर विरोध सामने आया है। 23 सितंबर को ‘No UPI Day’ मनाने की घोषणा की गई है। अहिल्या चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री से जुड़े 125 से अधिक व्यापारिक संगठनों ने उस दिन UPI स्वीकार न करने और QR/पेमेंट डिवाइस को काले कपड़े से ढकने की योजना बनाई है। मीडिया रिपोर्टों में इससे करीब दो लाख व्यापारियों के जुड़ने की बात कही गई है। 

फिलहाल इसे प्रस्तावित विरोध के रूप में ही देखा जाना चाहिए। 23 सितंबर को वास्तव में कितने व्यापारी इसमें शामिल होते हैं, तभी इसकी व्यापकता स्पष्ट होगी। लेकिन इंदौर से उठी यह आवाज एक राष्ट्रीय प्रश्न जरूर खड़ा करती है।

 मुद्दा UPI बनाम व्यापारी नहीं

भारत को इस बहस से बचना होगा। यह कहना सही नहीं कि अब आम आदमी के हर UPI payment पर शुल्क लग गया है लेकिन व्यापारी की हर चिंता को यह कहकर खारिज करना भी उचित नहीं कि 0.4 प्रतिशत बहुत छोटी रकम है। यह भी ठीक नहीं है।

UPI की सबसे बड़ी उपलब्धि तकनीक नहीं, विश्वास है। ग्राहक को भरोसा है कि भुगतान तत्काल और मुफ्त होगा; व्यापारी को भरोसा है कि पैसा सीधे खाते में आएगा।

इसलिए समाधान ऐसा होना चाहिए जिसमें ग्राहक की सुविधा, व्यापारी की कमाई और डिजिटल भुगतान व्यवस्था की आर्थिक मजबूती तीनों सुरक्षित रहें।

क्योंकि दस वर्षों में UPI ने केवल भुगतान का तरीका नहीं बदला है, भारत की जेब की परिभाषा बदल दी है।

अब चुनौती यह है कि जिस डिजिटल भरोसे को हमने इतनी तेजी से बनाया है, उसे शुल्क और विरोध की बहस के बीच कमजोर न होने दें।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"दहशत के धुएं से वतन के गुलाल तक"

कब होगा "लापरवाही" का विसर्जन

"स्मार्ट घरों के 'डिजिटल पहरेदार': रक्षक या भक्षक?"

“लक्ष्य तक वही पहुँचता है, जो सही समय पर लेता है ‘निर्णय’”

जवाबदेही का अकाल: पाइपलाइनों में दौड़ता ज़हर