श्राद्ध: स्मृतियों से आगे, विरासत तक
क्या हमने अपने पूर्वजों के आदर्शों को अपनाया है
(प्रवीण कक्कड़)
श्राद्ध पक्ष का समय चल रहा है। सभी घरों में पूर्वजों को याद किया जा रहा है और उनकी स्मृति में दान-धर्म तथा भोजन के आयोजन हो रहे हैं लेकिन इन सबके बीच मेरे मन में एक सवाल भी है - क्या हम अपने पूर्वजों के आदर्शों और उनकी अच्छी बातों को सचमुच अपना पाए हैं? क्या उनकी स्मृति में भोजन कराने और दान देने के साथ-साथ हमने उनके जीवन-मूल्यों को अपने व्यवहार में जगह दी है? श्राद्ध पक्ष में ये सवाल केवल परंपरा निभाने के नहीं, अपने भीतर झाँकने के भी हैं।
श्राद्ध हमारे पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। यह उन लोगों को याद करने का समय है, जिनके श्रम, संस्कार और फैसलों ने हमारे लिए जीवन की राह बनाई। लेकिन स्मृति तभी सार्थक होती है, जब वह हमारे वर्तमान को दिशा दे। तर्पण में अर्पित जल की तरह उनके अच्छे विचार भी हमारे आचरण में उतरें, तभी यह जुड़ाव अगली पीढ़ी तक पहुँचेगा।
कृतज्ञता का अर्थ केवल कर्मकांड नहीं
श्राद्ध पक्ष में श्रद्धा से किया गया भोजन, दान और तर्पण हमारी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनका अपना आध्यात्मिक और भावनात्मक अर्थ है। पर क्या हमारी जिम्मेदारी यहीं पूरी हो जाती है? जिस बुजुर्ग ने ईमानदारी से जीवन बिताया, क्या उनकी स्मृति में हम अपने काम में ईमानदारी रख पाते हैं? जिसने परिवार को जोड़कर रखा, क्या हम अपने रिश्तों को समय और सम्मान देते हैं? जिसने कठिन समय में भी धैर्य नहीं छोड़ा, क्या हम पहली परेशानी में हार मानने से बचते हैं? पूर्वजों का असली तर्पण शायद यही है कि उनके जीवन से मिली सीख हमारे निर्णयों में दिखाई दे। उनके नाम पर अर्पित भोजन और दान के साथ, उनके संस्कार भी हमारे स्वभाव का हिस्सा बनें।
छोटी यादों में बड़े संस्कार
हममें से अधिकतर लोगों के पास अपने बुजुर्गों की कुछ ऐसी यादें हैं, जो किसी किताब में दर्ज नहीं, किसी का बिना शिकायत काम करते रहना, किसी का मेहमान को खाली हाथ न लौटाना, किसी का कठिनाई में पड़ोसी के साथ खड़ा होना, या किसी का बच्चों को कहानी सुनाते हुए जीवन की बड़ी सीख दे जाना। ये छोटी बातें थीं, पर इन्हीं से घर और समाज का चरित्र बनता था।
समय बदले, मूल्य नहीं
समय बदलता है, जीवन की सुविधाएँ और चुनौतियाँ भी। हर पुरानी बात को ज्यों का त्यों अपनाना संभव या जरूरी नहीं लेकिन विवेक, करुणा, श्रम, सादगी, सत्यनिष्ठा और सामूहिकता जैसे मूल्य किसी एक समय के मोहताज नहीं होते। सवाल यह है कि नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए हमने इन मूल्यों को अपने जीवन में कितना बचाकर रखा है।
परिवार से देश तक
यही प्रश्न परिवार से आगे बढ़कर देश तक जाता है। भारत की साझी विरासत किसी एक इमारत, पुस्तक या उत्सव का नाम नहीं है। यह अनेक समुदायों, भाषाओं, परंपराओं और पीढ़ियों के योगदान से बनी जीवन-दृष्टि है -विविधता के बीच साथ रहना, संवाद करना, ज्ञान का सम्मान करना, प्रकृति के प्रति संवेदनशील होना और जरूरत के समय एक-दूसरे के काम आना।
हमारे पूर्वजों ने इस विरासत को अपने ढंग से गढ़ा और सँभाला। आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसे केवल गौरव के शब्दों में न दोहराएँ, बल्कि अपने व्यवहार में भी जगह दें। क्या हम इसे सहेज पा रहे हैं? क्या हम अगली पीढ़ी को यह विरासत केवल किस्सों में सौंपेंगे, या ऐसा समाज भी देंगे जहाँ इसके मूल्य अनुभव किए जा सकें?
बच्चे हमारे आचरण से सीखते हैं
विरासत अगली पीढ़ी तक केवल भाषणों से नहीं पहुँचती। बच्चे यह देखते हैं कि हम बुजुर्गों से कैसा व्यवहार करते हैं, मतभेद के समय कितने संयमित रहते हैं और अपने से अलग विचार रखने वालों के प्रति कितना सम्मान दिखाते हैं। हम उन्हें जो कहते हैं, उससे अधिक वे हमारे रोजमर्रा के आचरण से सीखते हैं।
श्राद्ध पक्ष हमें पीछे मुड़कर देखने का अवसर देता है लेकिन उसका उद्देश्य वहीं ठहर जाना नहीं, आगे की जिम्मेदारी पहचानना है। हम अपने पूर्वजों को याद करें, पर साथ ही यह भी पूछें कि उनकी कौन-सी अच्छी बात आज हमारे जीवन में जीवित है। उनके प्रति श्रद्धा तभी पूर्ण होगी, जब उनकी सीख हमारी अगली पीढ़ी तक पहुँचे।
पीढ़ियों तक चलने वाली श्रद्धांजलि
इस श्राद्ध पक्ष में भोजन और दान के साथ एक संकल्प भी लें -परिवार और समाज को जोड़ने वाले गुणों को अपने जीवन में उतारने का, और अपनी साझी विरासत को समझकर सहेजने का। क्योंकि पूर्वजों की स्मृति में किया गया तर्पण एक दिन का कर्म हो सकता है, पर उनके आदर्शों को अपनाना पीढ़ियों तक चलने वाली श्रद्धांजलि है।


बहुत ही शानदार सर 🙏
जवाब देंहटाएंHighly relevant and informative write-up sir. The culture and upbringing are important for life. The world and the generations will continue but what matters is the foundation and you have struck on the head of a straight nail. Congratulations dear sir 🙏
जवाब देंहटाएं